छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, बाद में हल्की बारिश और आंधी-गरज के आसार

छत्तीसगढ़ March 14, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, बाद में हल्की बारिश और आंधी-गरज के आसार

छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, बाद में हल्की बारिश और आंधी-गरज के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले 24 घंटों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को रायपुर में हल्की धुंध (हैज) छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से राज्य के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में बादल बनने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के अन्य शहरों में बिलासपुर में 39.0 डिग्री, पेंड्रा रोड में 37.2 डिग्री, जगदलपुर में 37.5 डिग्री और अंबिकापुर में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा।

खबर शेयर करें: