छत्तीसगढ़

कलागुरू वेदमणि सिंह की स्मृति में जयंति पर कला उत्सव का आयोजन, 13 मार्च को तीन सत्रों में होंगे गीत-संगीत-नृत्य और साहित्य के आयोजन

 

छत्तीसगढ सरकार के बेहद प्रतिष्ठित चक्रधर सम्मान से नवाजे गये कलागरू ठाकुर वेदमणि सिंह की स्मृति में आगामी 13 मार्च शुक्रवार को किरोड़ीमल छत्तीसगढ इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (पाॅलिटेक्निक) ऑडिटोरियम में प्रथम जयंति उत्सव की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं, किरोड़ीमल काॅलोनी स्थित आशा-सुभाष त्रिपाठी के निवास में वेद कला उत्सव आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन को गरिमापूर्ण बनाने के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिये, जिन पर गहन चर्चा के बाद सर्व सम्मति से तय किया गया कि वेद कला उत्सव तीन सत्रों में संचालित होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर के बजे तक पहले चरण में उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें ख़ासतौर पर पद्मश्री रामलाल जी शिरक़त करेंगे, लक्ष्मण संगीत महाविद्यालय की तरफ़ से सरस्वती वंदना और स्वागत गीत होंगे, पद्मश्री रामलाल जी का वेद कला उत्सव आयोजन समिति, शिबानी कृति और छत्तीसगढ भाजपा के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की तरफ़ से सम्मान भी किया जायेगा, पहले सत्र में देश के वरिष्ठ साहित्यकार समालोचक डाॅ. प्रभात त्रिपाठी, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल बतौर अतिथि मौजूद रहेंगे। पहले सत्र के अंतिम चरण में चक्रधर संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गीत, संगीत, नृत्य और वादन की प्रस्तुतियां मंच पर होंगी।

दोपहर तीन से पांच बजे तक दूसरा सत्र साहित्य साधकों को समर्पित होगा, जिसका संयोजन वेद कला उत्सव आयोजन समिति की सहयोगी संस्था काव्य वाटिका द्वारा किया जायेगा, दूसरे सत्र में देश के वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. विनय पाठक, डाॅ. मीनकेतन प्रधान, सुभाष त्रिपाठी सहित स्थानीय और क्षेत्रीय कवि शिरक़त करेंगे। साहित्यिक गोष्ठी के बाद काव्य पाठ का भी आयोजन दूसरे सत्र के अंतिम चरण में होगा। इसी दूसरे सत्र के दौरान ही साहित्यकार आनंद सिंघनपुरी द्वारा कलागुरू ठाकुर वेदमणि सिंह के व्यक्तित्व, कृतित्व और संगीत साधना को समाहित करते हुए रचित पुस्तक का विमोचन भी होगा।

तीसरा अंतिम सत्र शाम सात बजे से शुरू होगा, जिसमें कलागुरू के शिष्य जगदीश मेहर का वाॅयलिन वादन और मनहरण सिंह ठाकुर का गायन होगा, इसके अलावा रायपुर से गोपा सान्याल अपने हाना गीत की प्रस्तुति देंगी। कलागुरू ठाकुर वेदमणि सिंह के शिष्यों द्वारा अलग अलग संगीत विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं, जिनकी तरफ़ से गीत संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। वेद कला महोत्सव आयोजन समिति ने सभी कला प्रेमियों से आयोजन में शरीक़ होने का आग्रह किया है। बैठक के दौरान आशा मेहर, गीता सिंह ठाकुर, कल्याणी मुखर्जी, आशा त्रिपाठी, कुमारी देवांगन, जगदीश मेहर, मनहरण सिंह ठाकुर, मनोज श्रीवास्तव, रविन्द्र चौबे, सुभाष त्रिपाठी, अनुपम पाल, युवराज सिंह आज़ाद मौजूद थे।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button