रायगढ़

Raigarh News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जूटमिल पुलिस ने नारी शक्ति संगठनों का किया सम्मान

 

वार्ड की सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान में अनुकरणीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र

महिलाओं ने पैसे इकट्ठे कर वार्ड में लगवाये सीसीटीवी कैमरे, अवैध शराब के खिलाफ लगातार गश्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह द्वारा वार्ड की सुरक्षा और नशा मुक्ति के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाली वार्ड नंबर 42 की नारी शक्ति संगठन बजरंगपारा तथा नारी शक्ति संगठन इंदिरा आवास अमलीभौना की महिला सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
*
विदित हो कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए आमजन की सहभागिता को आवश्यक बताया है तथा गांव और वार्डों में नशा मुक्ति अभियान और शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पूर्व थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव के आवाहन पर नारी शक्ति संगठन बजरंगपारा की महिलाओं ने वार्ड की सुरक्षा के लिए स्वयं आपस में सहयोग राशि एकत्र कर अपने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाए।

जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में भी वार्ड की महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिलाएं स्वयं डंडा लेकर वार्ड में गश्त करती हैं और लोगों को शराब पीने एवं बेचने से मना करती हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और अब उस क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें काफी कम हो गई हैं। इसी से प्रेरित होकर समीप के इंदिरा आवास अमलीभौना क्षेत्र की महिलाओं ने भी नारी शक्ति संगठन बनाकर प्रतिदिन वार्ड में गश्त कर शराबबंदी को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसमें जूटमिल पुलिस द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है।

इस अवसर पर थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने अपने थाने में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक रेखा नागरे और देवकुमारी भारती को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों महिला पुलिसकर्मी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन कर रही हैं।



















कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति अभियान और “मिशन सिक्योरिटी” के तहत सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शराब को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इसके उन्मूलन के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि एसएसपी महोदय के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, देह व्यापार अथवा अन्य किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस द्वारा त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर थाना जूटमिल के सारे स्टाफ उपस्थित रहे ।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button