Raigarh News: जनदर्शन में विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदक, कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए

रायगढ़ February 23, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: जनदर्शन में विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदक, कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए

Raigarh News: जनदर्शन में विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदक, कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए

रायगढ़, 23 फरवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आज साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदक की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद का माध्यम है, इसलिए प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जनदर्शन में पेंशन, आवास योजना, राशन कार्ड, पेयजल, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

तहसील खरसिया के ग्राम कुर्रुभांठा निवासी रामेश्वरी पटेल आर्थिक सहायता की मांग लेकर जनदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वे दिव्यांग हैं, जिसके कारण बाहर जाकर कार्य करना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने घर पर ही दोना-पत्तल निर्माण मशीन स्थापित कर स्वरोजगार प्रारंभ करने की इच्छा जताई तथा इसके लिए आर्थिक सहयोग की मांग की। ग्राम बसनाझर के ग्रामीणों ने गांव में चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार को बंद कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर विक्रय कर रहे हैं, जिससे गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा शराब सेवन के कारण कई लोगों की असमय मृत्यु भी हो चुकी है।

तहसील लैलूंगा के घियारमुड़ा निवासी जंगलू राम मांझी ने कब्जा कास्त की भूमि की ऋण पुस्तिका प्रदान किए जाने हेतु आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे पिछले लगभग 60 वर्षों से उक्त भूमि पर कृषि कार्य कर रहे हैं। रायगढ़ के छोटे अतरमुड़ा निवासी श्रीमती ईश्वरी चौहान ने अभ्युदय पीएम अजय योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति रायगढ़ द्वारा उनका आवेदन भारतीय स्टेट बैंक, इतवारी बाजार शाखा में प्रेषित किया गया है, किंतु शाखा स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

रमेश अग्रवाल ने गांधी गंज स्थित सार्वजनिक पार्किंग स्थल के अवैध घेराव को हटाने हेतु आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उक्त शासकीय भूमि को पार्किंग स्थल घोषित किया गया है, किंतु एक व्यक्ति द्वारा बांस से घेराव कर अन्य लोगों को वाहन खड़ा करने से रोका जा रहा है, जिससे आमजन को असुविधा हो रही है। वार्ड क्रमांक 42 के निवासियों ने क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विद्युत खंभे की स्थापना तथा आरसीसी सड़क निर्माण की मांग की। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित एसडीएम एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

खबर शेयर करें: