बिलासपुर के कोयला व्यापारी फिल ग्रुप पर इनकम टैक्स का छापा, SIR की टीम बनकर पहुंचे अफसर

छत्तीसगढ़ February 12, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
बिलासपुर के कोयला व्यापारी फिल ग्रुप पर इनकम टैक्स का छापा, SIR की टीम बनकर पहुंचे अफसर

बिलासपुर के कोयला व्यापारी फिल ग्रुप पर इनकम टैक्स का छापा, SIR की टीम बनकर पहुंचे अफसर

रायपुर। न्यायधानी बिलासपुर में आज सुबह इनकम टैक्स (IT) की टीम ने बड़े कोयला कारोबारी फिल ग्रुप (Phil Group) के ठिकानों पर दबिश दी है। कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखने के लिए आईटी की टीम SIR की सर्वे टीम का स्टीकर लगाकर पहुंची थी, जिससे आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।

छत्तीसगढ़ के कोयला और वॉशरी कारोबार में फिल ग्रुप एक बड़ा नाम है। इस छापेमारी का असर सीधे तौर पर बिलासपुर और कोरबा के कोयला सिंडिकेट और इससे जुड़े अन्य कारोबारियों पर पड़ सकता है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई प्रदेश में कोयला व्यापार में चल रहे बड़े टैक्स हेरफेर की ओर इशारा कर रही है।

जानकारी के अनुसार, फिल ग्रुप के मुख्य संचालक प्रवीण झा के अलग-अलग ठिकानों पर यह कार्रवाई चल रही है। आईटी की टीम ने उनके श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित मुख्य दफ्तर और रामा वर्ल्ड स्थित निजी आवास को चारों तरफ से घेर लिया है। टीम घर और दफ्तर के अंदर मौजूद सभी डिजिटल डिवाइस, बैंक अकाउंट्स और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों को खंगाल रही है।

 

सूत्रों के मुताबिक, यह रेड केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है। फिल ग्रुप की कोरबा और बिलासपुर स्थित कोल वॉशरी (Coal Washery) से संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। टीम को आशंका है कि बड़े पैमाने पर आय को छिपाया गया है और टैक्स की चोरी की गई है। कार्रवाई में शामिल अफसरों ने अभी तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह रेड देर रात तक चल सकती है।

जांच के बाद आयकर विभाग करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति और टैक्स चोरी का खुलासा कर सकता है। टीम वर्तमान में बेनामी संपत्ति और विदेशी लेन-देन के एंगल से भी जांच कर रही है।

खबर शेयर करें: