प्रदेश का मौसम सामान्य, सरगुजा संभाग में सुबह-शाम ठंड बरकरार; धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी

छत्तीसगढ़ February 10, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
प्रदेश का मौसम सामान्य, सरगुजा संभाग में सुबह-शाम ठंड बरकरार; धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी

प्रदेश का मौसम सामान्य, सरगुजा संभाग में सुबह-शाम ठंड बरकरार; धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी

 

 रायपुर: प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान के रुख में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

अधिकतम तापमान में अगले सात दिनों तक विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं, जिससे दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड के असर में कमी महसूस होने लगेगी। रायपुर का पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को शहर में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। उस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

 

रात के तापमान में बढ़ोतरी के साथ सुबह
मौसम के इस बदलते मिजाज से साफ है कि अब प्रदेश में सर्दी की पकड़ ढीली पड़ने लगी है। रात के तापमान में बढ़ोतरी के साथ सुबह की ठिठुरन कम होगी, जबकि दोपहर में धूप की तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी। मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन तापमान में हो रही वृद्धि आगामी दिनों में गर्मी की शुरुआत का संकेत दे रही है।

रायपुर में दिन गरम, सुबह-शाम राहत
राजधानी रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर सुबह के समय 49 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत रही। दिनभर आसमान साफ रहा और वर्षा दर्ज नहीं की गई। हवा की रफ्तार बेहद धीमी, लगभग 1 किमी प्रति घंटा रही।

 

प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म दुर्ग, सबसे ठंडा अंबिकापुर
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ, जिससे वहां अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। बिलासपुर, जगदलपुर और राजनांदगांव सहित अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

खबर शेयर करें: