Raigarh: ईएसआईसी अस्पताल परसदा में निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ, बीमित श्रमिकों एवं उनके परिजनों को मिलेगा सुगम एवं सुलभ आवागमन

रायगढ़, 9 फरवरी 2026/ बीमित श्रमिकों एवं उनके परिजनों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ई.एस.आई.सी.), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के मार्गदर्शन में ईएसआईसी अस्पताल, परसदा द्वारा निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया गया है।
इस पहल से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को अस्पताल तक आवागमन में होने वाली आर्थिक एवं व्यावहारिक कठिनाइयों से राहत मिलेगी। निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से मरीजों को समय की बचत के साथ-साथ उपचार हेतु नियमित रूप से अस्पताल पहुँचने में सुविधा मिलेगी। ईएसआईसी अस्पताल परसदा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. निरोज कुजूर ने बताया कि मरीजों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बस सेवा का रूट एवं समय-सारणी निर्धारित की गई है, जिसमें भविष्य में आवश्यकतानुसार विस्तार भी किया जा सकता है।
बस रूट एवं प्रमुख ठहराव
यह निःशुल्क बस सेवा ईएसआईसी डिस्पेंसरी, कबीर चौक से ईएसआईसी अस्पताल, परसदा के मध्य संचालित की जा रही है। मार्ग में प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं-कबीर चौक, सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन चौक, घड़ी चौक, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, धरमपुर चौक, श्री गुरु गोविंद चौक, जय हिंद चौक, पतरापाली डिस्पेंसरी, किरोड़ीमल नगर/आजाद चौक, टाटा मोटर्स, हार्स्काे एवं जेएसपीएल क्षेत्र शामिल है।
बस सेवा की समय-सारणी
सुबह 8 बजे से 9 बजे- कबीर चौक से परसदा, सुबह 10.15 से 11.10 बजे-परसदा से कबीर चौक, सुबह 11.15 से दोपहर 12.15 बजे- कबीर चौक से परसदा, दोपहर 1.30 से 2.25 बजे-परसदा से कबीर चौक, दोपहर 2.30 से शाम 3.30 बजे-कबीर चौक से परसदा एवं शाम 4.30 से 5.30 बजे-परसदा से कबीर चौक हेतु समय निर्धारित की गई है।
इस निःशुल्क बस सेवा का मरीजों, श्रमिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया है। लोगों ने इसे श्रमिक हित में एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल बताते हुए ईएसआईसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ईएसआईसी प्रशासन ने श्रम विभाग, औद्योगिक संस्थानों, ठेकेदारों एवं ट्रेड यूनियनों से अपील की है कि वे इस सेवा की जानकारी अधिक से अधिक बीमित श्रमिकों तक पहुँचाने में सहयोग करें, ताकि अधिकतम लाभार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






