CG News: होटल के पास गोली चलने से दहशत, पुलिस ने जब्त की पांच लाइसेंसी बंदूकें, पुलिस बल तैनात

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर के बीचों-बीच स्थित देव होटल के पास शुक्रवार देर शाम गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल परिसर के बाहर अचानक दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और कोतवाली व गांधीनगर थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने एहतियातन देव होटल परिसर में बल तैनात कर दिया है।
वर्चस्व की लड़ाई या पीछा करने का मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे होटल संचालक के पुत्र हनी सिंह का कुछ लोगों द्वारा पीछा किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रहे थे, जिसके बाद वह सीधे होटल पहुंचे और उसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। इस घटना को वर्चस्व की लड़ाई से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने जांच के दौरान पांच लाइसेंसी बंदूकें जब्त की हैं और हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने और किस दिशा में चलाई।
पुलिस की ओर से की जा रही है गंभीरता से जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके से कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने पीछा किए जाने के मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






