छत्तीसगढ़रायगढ़

Jashpur: कोनपारा धान केंद्र से 6.55 करोड़ रुपये की धांधली, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

आरोपी ने अपने अन्य 05 साथियों के साथ उक्त अनियमितता को दिया था अंजाम, एक पहले से गिरफ्तार, बांकी की तलाश जारी

जशपुर। जशपुर पुलिस ने तुमला स्थित कोनपारा धान खरीदी केंद्र में 6.55 करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक अनियमितता के मुख्य आरोपी जयप्रकाश साहू (40) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी, जो समिति प्रबंधक के पद पर तैनात था, काफी दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस के दबाव में कोरबा के कुसमुंडा इलाके में छिपा हुआ था। रात्रि छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर थाना तुमला लाया गया है।

क्या है मामला?
यह मामला आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र से जुड़ा है। खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान, केंद्र ने 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की, लेकिन मिलों एवं संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस तरह 20,586.88 क्विंटल धान गायब पाया गया। प्रति क्विंटल 3,100 रुपये के हिसाब से धान की कीमत और बोरों की लागत मिलाकर कुल 6,55,26,979 रुपये की आर्थिक हानि का अनुमान लगाया गया है।

मुख्य आरोपी की चालाकी काम नहीं आई
जयप्रकाश साहू को पुलिस ने “अत्यंत शातिर” बताया है। FIR दर्ज होने के बाद वह पहले दमोह (मध्य प्रदेश) में छिपा रहा और फिर कोरबा चला गया। वह हर बार किसी अन्य व्यक्ति के नाम से मोबाइल सिम कार्ड खरीदकर संचार करता था, ताकि पकड़ में न आए। हालांकि, जशपुर पुलिस की साइबर एवं विशेष टीम की नजरों से बच नहीं सका।

छह आरोपी, एक पहले से गिरफ्तार
इस मामले में कुल छह आरोपी हैं, जिनमें खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी, प्रबंधक, फड़ प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। इससे पहले, फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को 6 जनवरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एसएसपी का बयान
जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “यह एक गंभीर आर्थिक धोखाधड़ी का मामला है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है। शेष फरार आरोपियों की भी शीघ्र पकड़ की कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस की साइबर और विशेष टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया है।”

इस गिरफ्तारी में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व वाली विशेष टीम और थाना तुमला की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 320, 336, 328 व 61 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश और धन की हेराफेरी की जाँच में जुटी है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button