रायगढ़ में भारी हंगामा; एनएसयूआई का हल्लाबोल, पुतला छीनने पर कोतवाली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, शिकायत लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे कांग्रेसी

रायगढ़ January 12, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में भारी हंगामा; एनएसयूआई का हल्लाबोल, पुतला छीनने पर कोतवाली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, शिकायत लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे कांग्रेसी

रायगढ़ में भारी हंगामा; एनएसयूआई का हल्लाबोल, पुतला छीनने पर कोतवाली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, शिकायत लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे कांग्रेसी

 

रायगढ़ । रायगढ़ में आज सियासी संग्राम छिड़ गया। सोमवार को एनएसयूआई के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कोतवाली पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब पुलिस ने जलने से पहले ही पुतला छीन लिया और प्रदर्शनकारियों को धकेल दिया। मामला अब एसपी ऑफिस तक पहुँच चुका है।

छात्र संगठन एनएसयूआई के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आज प्रधानमंत्री का पुतला दहन तय था। जिलाध्यक्ष आरिफ हुसैन के नेतृत्व में जिले भर से कार्यकर्ता पुतला लेकर जैसे ही स्टेशन चौक पहुँचे, वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें घेर लिया। पुतले में माचिस लगाने से पहले ही पुलिस ने उसे झपट लिया। इस दौरान वर्दीधारी पुलिस के साथ सिविल ड्रेस में मौजूद कर्मियों ने कार्यकर्ताओं को धकेलना शुरू किया, जिससे माहौल गरमा गया।

इस घटना से भड़के जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव और वरिष्ठ नेताओं ने कोतवाली टीआई सुखनंदन पटेल पर सीधा हमला बोला। कांग्रेसियों का आरोप है कि टीआई भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि पुलिस का काम आग बुझाना होता है, लेकिन यहां पुलिस आंदोलन के संवैधानिक अधिकार को ही खत्म कर रही है। सिविल ड्रेस में पुलिस का प्रदर्शन के बीच आना पूरी तरह गलत है।

भारी हंगामे और नारेबाजी के बाद कांग्रेसी नेताओं का जत्था एसपी ऑफिस पहुँचा। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस की कार्यप्रणाली नहीं बदली तो अगला पुतला दहन सिटी कोतवाली के ठीक सामने किया जाएगा।

हालांकि, एसपी दिव्यांग पटेल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

खबर शेयर करें: