रायगढ़ में ग्रामीणों ने किया कोतरा रोड थाना का घेराव, उपसरपंच की गिरफ्तारी से नाराज, विधायक उमेश पटेल भी पहुंचे
रायगढ़ में ग्रामीणों ने किया कोतरा रोड थाना का घेराव, उपसरपंच की गिरफ्तारी से नाराज, विधायक उमेश पटेल भी पहुंचे
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के तारापुर गांव के उपसरपंच को पुलिस रात को थाना ले आई। जिसके बाद अब नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दिया है। थाना के सामने पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए तो इसकी जानकारी लगाने के बाद खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे हैं। नाराज ग्रामीण उपसरपंच को छोड़ने की मांग कर रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत तारापुर के उपसरपंच व पंचगणों द्वारा गांव के सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के लिए 27 जुलाई को एसडीएम के समक्ष नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
इसके बाद करीब 29 दिन बीत जाने के बाद भी अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया के संबंध में कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई।
इसके लिए पूर्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर नियमानुसार जल्द कार्यवाही कर बैठक रखने की मांग की थी।
ऐसे में आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए नोटिस जारी हुई और 10 सितबंर को सुनवाई होनी थी। जहां गुरूवार की रात को गांव के उपसरपंच राजू डनसेना को पुलिस उठाकर थाना ले आई। जिससे नाराज होकर गांव के ग्रामीणों ने कोतरा रोड थाने का घेराव कर दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और वहीं धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि जल्द ही गिरफ्तार किए गए उपसरपंच को छोड़ा जाए।
विधायक उमेश पटेल के साथ कांग्रेस नेता पहुंचे जब मामले की जानकारी विधायक उमेश पटेल को लगी तो जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव व अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ वे कोतरा रोड थाना पहुंच गए।
जहां उनका आरोप है कि यह कार्रवाई सामान्य कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव का परिणाम है।
उनका कहना है कि उपसरपंच राजू डनसेना ने ग्राम सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल की थी और इसी के बाद उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई। कांग्रेस नेता भी ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।
भाजपा के द्वारा पुलिस को इस्तेमाल किया जा रहा इस दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि भाजपा पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों और विरोध की आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए कर रही है।
रायगढ़ में इस तरह की कार्रवाई पहले कभी देखने को नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की पहल करने वाले उपसरपंच को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
किस लिए लाए हैं पता नहीं राजू डनसेना ने बताया कि वह तारापुर का उपसरपंच है और पुलिस के द्वारा गुरूवार की रात 12 बजे से उसे थाना में बैठाया गया है। उसका कहना है कि हमारी गलती यह है कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है।
जिसमें से 8 पंच हमारी तरफ से हैं और 2 उनकी तरफ से हैं। अभी तक थाना में बैठाकर रखे हैं, लेकिन किसलिए लाए हैं यह पता नहीं है।