Raigarh: जंगल और नाले किनारे फ्लाई एश का अवैध भंडार, केलो नदी के जरिए शहर के पेयजल पर मंडराया खतरा

रायगढ़। रायगढ़ के तमनार क्षेत्र में फ्लाई एश की अवैध डंपिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। नियमों को ताक पर रखकर बरपाली के जंगलों और बरदी नाले के किनारे हजारों टन राखड़ उड़ेला जा रहा है, जिससे पूरा पर्यावरण खतरे में है।
तमनार के ग्राम बरपाली में पेड़ों को काटकर अवैध रास्ता बनाया गया ताकि डंपर और ट्रेलर जंगल के भीतर तक जा सकें। चिंता की बात यह है कि यह राखड़ बरदी नाले के जरिए सीधे केलो नदी में मिल रहा है। यही पानी आगे चलकर बांध में जमा होता है, जिसे पूरा रायगढ़ शहर पेयजल के रूप में इस्तेमाल करता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर पर्यावरण विभाग की टीम जांच करने पहुंची। प्रारंभिक जांच में ‘नेहरा’ नामक एक हरियाणा के ट्रांसपोर्टर का नाम सामने आ रहा है, जो अवैध रूप से राखड़ डंपिंग का ठेका लेकर यह मनमानी कर रहा है।
क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी ने स्थल तस्दीक कर ली है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह फ्लाई एश किस प्लांट का है। बिना अनुमति डंपिंग करने वाले ट्रांसपोर्टर और संबंधित उद्योगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






