युवती की हत्या के बाद जलाया शव

छत्तीसगढ़ December 8, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
युवती की हत्या के बाद जलाया शव

युवती की हत्या के बाद जलाया शव

दुर्ग: जिले में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब उतई थाना क्षेत्र के पुरई गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने नहर के पास एक युवती का अधजला शव देखा। जली हुई लाश मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

धारदार हथियार और खून के धब्बे मिले, पहले हत्या फिर जलाने की आशंका

सुबह करीब 6 बजे करगाडीह रोड के किनारे शव मिलने की सूचना पर पहुंची टीम को घटनास्थल से एक धारदार हथियार मिला है। वहीं बड़े पत्थरों पर खून के निशान भी मिले, जिससे यह शक गहरा रहा है कि युवती की हत्या पहले किसी नुकीले हथियार से की गई और बाद में पत्थरों से कुचलने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार, सबूत मिटाने के लिए शव पर पलारी या किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर उसे जलाया गया है।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही अहम साक्ष्य

जांच दल ने मिट्टी के नमूने, खून के धब्बे, जले अवशेष और बरामद हथियार को साक्ष्य के रूप में संकलित किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय कौन-कौन इस क्षेत्र से गुजरा इसका सुराग मिल सके।

पहचान में दिक्कत, लापता युवतियों की सूची तलब

शव काफी हद तक जला होने के कारण युवती की पहचान मुश्किल हो रही है। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू की है और सभी थानों से हाल ही में दर्ज लापता युवतियों की सूची मंगाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या कहीं और की गई हो सकती है और बाद में शव को सुनसान इलाके में लाकर जलाया गया है।

जल्द हो सकता है खुलासा, पुलिस को मिले कुछ महत्वपूर्ण सुराग

उतई पुलिस का कहना है कि जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरी घटना की परतें खुलने की संभावना है। फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, वहीं लोग इस निर्मम हत्या को लेकर चर्चाओं में व्यस्त हैं।

खबर शेयर करें: