रायगढ़

Raigarh News: रायगढ़ में 7 वर्षीय बालिका की हत्या का खुलासा; पुरानी रंजिश में पड़ोसी पिता-पुत्र ने गला घोटा, दोनों गिरफ्तार

 

रायगढ़, 27 नवंबर । लैलूंगा थानाक्षेत्र के ग्राम कुर्रा में मंगलवार 25 नवंबर 2025 की शाम 7 वर्षीय संध्या राठिया का शव पड़ोसी आरती प्रसाद राठिया के घर के भीतर मिला, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को हत्या की आशंका से अवगत कराया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी, थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां प्राथमिक जांच में हत्या का मामला स्पष्ट होता दिखा। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

घटना के संबंध में मृतिका के मामा डोलेश्वर राठिया ने बताया कि 17 नवंबर को भांजी संध्या को उसके पिता आश्रम से घर लेकर आए थे और वह उनके ही घर में रह रही थी। मंगलवार शाम संध्या खेलने के लिए निकली, लेकिन लौटकर नहीं आई तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान जानकारी मिली कि पड़ोसी आरती प्रसाद राठिया ने उसे गली में खेलते समय अपने घर बुलाया था, जिसके बाद संध्या दिखाई नहीं दी। शक के आधार पर जब परिजन लक्ष्मी राठिया के घर में खोज के लिए पहुंचे तो संध्या का शव कमरे में कंबल से ढका हुआ मिला और उसकी गर्दन पर साड़ी लिपटी हुई थी। परिजनों ने पड़ोसी आरती प्रसाद और लक्ष्मी राठिया पर मिलकर बच्ची की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया।

लैलूंगा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर हत्या का अपराध अप.क्र. 308/2025 धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के कारण संध्या की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने बच्ची के शव को घर के भीतर कंबल में छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर घटनास्थल से प्रयुक्त कंबल को वजह-सबूत के रूप में जब्त किया।
आरोपी—
(1) आरती प्रसाद राठिया, पिता लक्ष्मी राठिया, उम्र 23 वर्ष
(2) लक्ष्मी राठिया, पिता सनतराम राठिया, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम कुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में संवेदनशील प्रकरण में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button