छत्तीसगढ़

बलरामपुर: प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला शिक्षक सस्पेंड, जिला शिक्षा अधिकारी ने की सख्त कार्रवाई

सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट डालने के आरोप में शिक्षक निलंबित, एफआईआर दर्ज करने की तैयारी


बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपशब्दों का प्रयोग करने वाले शिक्षक के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मक्याठी में पदस्थ सहायक शिक्षक ईश्वरी प्रसाद टंडन को जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, शिक्षक ने अपने नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री के प्रति आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह मामला संज्ञान में आया। इस मामले में विभाग ने न केवल निलंबन की कार्रवाई की है बल्कि एफआईआर दर्ज करने की तैयारी भी चल रही है।

डीईओ मनीराम यादव ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि वह शालीन, निष्पक्ष और मर्यादित आचरण रखे। किसी भी संवैधानिक पद या जनप्रतिनिधि के प्रति अभद्र टिप्पणी करना सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक का यह आचरण न केवल असंवेदनशील है, बल्कि सरकारी सेवा में रहते हुए अनुचित भी है। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 03 का उल्लंघन है, जिसके तहत किसी भी कर्मचारी को ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए जिससे सरकार की छवि को क्षति पहुंचे।

निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान ईश्वरी प्रसाद टंडन का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कुसमी रहेगा, जहां से वे आगे की जांच में सहयोग करेंगे। इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि विभाग ने शिक्षक की पोस्ट के स्क्रीनशॉट और डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं, जिन्हें विभागीय जांच में शामिल किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।









डीईओ ने सभी कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे सोशल मीडिया पर अपनी अभिव्यक्ति में संवैधानिक मर्यादा और सरकारी सेवा आचरण नियमों का पालन करें, अन्यथा भविष्य में इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button