Jashpur News: तंत्र-मंत्र के शक में बुआ की टांगी मारकर हत्या, फूफा पर भी किया था वार, भतीजा गिरफ्तार

जशपुर. जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामुन जोबला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भतीजे ने अपनी रिश्ते की फुआ की तंत्र-मंत्र करने के शक में टांगी से मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने फूफा पर भी जानलेवा वार किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








खेत विवाद और तंत्र-मंत्र का शक
दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी पंकज पहाड़ी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी मृतिका सुखाड़ी पहाड़ी (उम्र 40 वर्ष) के साथ गांव में हंडिया पीकर लौट रहे थे। जब उनकी पत्नी पेशाब करने के लिए रुकी, तभी उनके रिश्ते का भतीजा आरोपी मुकेश पहाड़ी (उम्र 22 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर आया।
आरोपी ने अपनी फुआ सुखाड़ी पहाड़ी के गले पर टांगी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इसके बाद आरोपी ने फूफा पंकज पहाड़ी पर भी वार किया, जिसमें उन्हें दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी। पंकज पहाड़ी डरकर वहां से भाग गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी मुकेश पहाड़ी ने स्वीकार किया कि उसका फूफा-फुआ के साथ लंबे समय से खेती की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। साथ ही, उसके बच्चों की तबीयत अक्सर खराब रहने के कारण उसे शक था कि उसकी फुआ सुखाड़ी पहाड़ी ही तंत्र-मंत्र कर रही थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, थाना बगीचा में आरोपी मुकेश पहाड़ी के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 103(1) व 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने घटना की रात ही घेराबंदी कर आरोपी मुकेश पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और हत्या के दौरान पहने गए कपड़े को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।












![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |