छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में भारी बारिश से बाढ़, 2,196 लोग राहत शिविरों में

रायपुर: प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
बाढ़ और नुकसान का हाल
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 26 और 27 अगस्त को सबसे ज्यादा बारिश दंतेवाड़ा जिले में दर्ज की गई है, जहां क्रमशः 93.7 मिमी और 118.4 मिमी वर्षा हुई है। सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिलों में भी भारी बारिश हुई है।
इन चार जिलों के कुल 25 गाँव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन गाँवों के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए 43 राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें कुल 2,196 लोगों को ठहराया गया है। इनमें सबसे ज्यादा लोग सुकमा (790) और दंतेवाड़ा (1,116) से हैं।
बाढ़ के कारण अब तक 5 लोगों की मौत, 17 पशुओं की हानि, 165 घरों को आंशिक क्षति और 86 घरों को पूर्ण क्षति की खबर है।
प्रशासन की तत्परता
प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत मदद पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन और नगर सेना की टीम लगातार सक्रिय है। सुकमा जिले में एक 24 घंटे चलने वाला आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अधिकारियों द्वारा राहत सामग्री और जरूरी सेवाएँ प्रभावित गाँवों तक पहुँचाई जा रही हैं।














