Raigarh News: रायगढ़ में बोरवेल चालू करते समय किसान की करंट लगने से मौत
Raigarh News: रायगढ़ में बोरवेल चालू करते समय किसान की करंट लगने से मौत
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बोरवेल पंप चालू करते समय बिजली का झटका लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान लाखपतरा गाँव के निवासी रामप्रसाद राठिया (उम्र लगभग 40-45 वर्ष) के रूप में हुई है।
यह घटना आज सुबह लगभग 8:30 बजे हुई। रामप्रसाद अपने खेत में बोरवेल पंप चालू करने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर, उनकी पत्नी और भतीजा उन्हें खोजने के लिए खेत पर गए। वहाँ उन्होंने रामप्रसाद को मृत पाया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। धरमजयगढ़ थाना प्रभारी सीताराम धु्रव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
इसी बीच, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बरारीमुडा जंगल में एक और चौंकाने वाली घटना हुई। जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी पर लटका मिला। मृतक की उम्र भी लगभग 40-45 साल बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।