Raigarh News: अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Raigarh News: अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़, कल रात (29 जून 2025) लगभग 11 बजे घरघोड़ा बायपास पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। यह घटना एनटीपीसी कंचनपुर गेट के पास हुई, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान किशन यादव (20 वर्ष), निवासी हमाल पारा, खरसिया (वर्तमान में वार्ड 2, घरघोड़ा) के रूप में हुई है। किशन अपने दो साथियों अजय भट्ट और शुभम केंवट (दोनों निवासी खरसिया) के साथ अपनी मोटरसाइकिल पर छाल रोड बायपास से कंचनपुर रोड होते हुए घरघोड़ा की ओर आ रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन यादव को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद, मोटरसाइकिल पर सवार उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायल किशन यादव को घरघोड़ा अस्पताल ले गई। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कार्यवाही में जुट गई है। घरघोड़ा थाना के एसआई खेमराज पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत सड़क हादसे में होना प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जाँच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।