CG News: SBI बैंक में चोरी का प्रयास, पुलिस ने 2 लोगों को किया गिरफ्तार

जांजगीर चांपा। जांजगीर पुलिस 26 जून, 2025 को एक बड़ी सफलता हासिल की है। नैला रोड स्थित एसबीआई बैंक में रात में शटर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले एक आरोपी और एक नाबालिग को कोरबा से गिरफ्तार किया गया है।
जांजगीर पुलिस की साइबर टीम की सक्रियता और अथक प्रयासों से अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा गया। घटना के बाद से ही साइबर टीम जांजगीर द्वारा लगातार जांच की जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप दूसरे जिले से आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी विजय यादव (उम्र 24 वर्ष), पिता शिवराज यादव, निवासी धनवार पारा कोरबा, पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ रायगढ़ और कोरबा के थानों में भी अपराध दर्ज हैं।
घटना का विवरण और गिरफ्तारी
भारतीय स्टेट बैंक शाखा, नैला के प्रबंधक ने 13 जून, 2025 को बैंक बंद कर अपने घर चले गए थे। दो दिन के अवकाश के बाद, जब वे 16 जून, 2025 को बैंक आए, तो उन्होंने देखा कि बैंक के निचले ग्रिल, शटर का ताला और ऊपर के ग्रिल का शटर का ताला टूटा हुआ था। बैंक के अंदर कुछ सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, हालांकि कोई रकम चोरी नहीं हुई थी, केवल चोरी का प्रयास किया गया था। इस सूचना के आधार पर थाना जांजगीर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 553/2025 धारा 33(4), 305(ए), 62, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बैंक में सेंधमारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में, साइबर टीम ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात आरोपी घटना को अंजाम देते हुए दिखे। तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और सीएसपी जांजगीर कविता ठाकुर के नेतृत्व में कोरबा टाउन से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी विजय यादव ने अपने साथी एक नाबालिग के साथ 13 जून, 2025 की रात को मोटरसाइकिल से चोरी करने की नीयत से जांजगीर आना और बैंक के शटर का ताला तोड़कर अंदर जाकर रकम ढूंढना स्वीकार किया। रकम न मिलने पर वे वापस कोरबा आ गए थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। आरोपी विजय यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, और इस मामले में शामिल नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।















सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, साइबर टीम के सउनि विवेक सिंह, प्र.आर. मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आर. सहबाज खान, गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू, श्रीकांत सिंह, और थाना जांजगीर से आर ईश्वरी राठौर का सराहनीय योगदान रहा।