पीएम SETU योजना के अंतर्गत 520 करोड़ रुपये से कैथल और कुरुक्षेत्र के युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण: नवीन जिन्दल

देश July 22, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
पीएम SETU योजना के अंतर्गत 520 करोड़ रुपये से कैथल और कुरुक्षेत्र के युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण: नवीन जिन्दल

पीएम SETU योजना के अंतर्गत 520 करोड़ रुपये से कैथल और कुरुक्षेत्र के युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण: नवीन जिन्दल

 

युवाओं को बदलती तकनीक के लिए लेना होगा कौशल प्रशिक्षण: नवीन जिन्दल

सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से कैथल के युवाओं को मिली स्किल सेंटर की सौगात

आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का हुआ शुभारंभ,

आधुनिक कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेंगे देश-विदेश में रोजगार के अवसर

कैथल, 22 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल ने आज आरकेएसडी कॉलेज परिसर में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का उद्घाटन कर कैथल के युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण की सौगात दी। उन्होंने सेंटर में बनाई गई लैब और क्लासरूम में जाकर प्रत्येक सुविधाओं का अवलोकन किया।

आज सर्वप्रथम, सांसद नवीन जिन्दल ने आरकेएसडी कॉलेज में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और विधार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिलाने के लिए हमने दस साल तक संघर्ष किया। हम सभी को राष्ट्रीय ध्वज से प्रेरणा लेकर कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर लाडवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से ओमान, दुबई और जर्मनी सहित अन्य देशों के लिए चयनित हुए युवाओं को सांसद नवीन जिन्दल ने मंच से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदेश रवाना करते हुए कहा कि यह केवल युवाओं की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में ऐसे अवसरों का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा।

आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के शुभारंभ के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में केवल डिग्री नहीं, बल्कि कौशल ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को बदलती तकनीक के लिए कौशल प्रशिक्षण लेना होगा और इसीलिए आज इस कौशल केंद्र की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने चुनावी संकल्प पत्र में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में दो अंतर्राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का वादा किया था। पहले कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना के बाद अब कैथल में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का शुभारंभ उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि हमारे निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि कुरुक्षेत्र और कैथल को प्रधानमंत्री SETU योजना के अंतर्गत लगभग 520 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस निवेश से दोनों जिलों के आईटीआई आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण से सुसज्जित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला ने सांसद नवीन जिन्दल का स्वागत करते हुए कहा कि आरकेएसडी कॉलेज सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना से विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा और कैथल कौशल विकास के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन “कैंपस इन कैंपस” कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 20 शैक्षणिक संस्थानों में जाकर युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है। कैथल में शुरू हुए इस नए सेंटर में ग्राफिक्स एवं एनीमेशन, ब्यूटी एंड वेलनेस सहित विभिन्न आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए भाषा प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और अंतर्राष्ट्रीय रोजगार हेतु आवश्यक व्यावसायिक कौशल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस मौके पर सरदार जगविंदर सिंह विर्क ने कहा कि यह कौशल केंद्र कैथल के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला संस्थान है। उन्होंने उपस्थित गणमान्य लोगों से आह्वान किया कि वे स्वयं नवीन जिन्दल बनकर अधिक से अधिक युवाओं को इस केंद्र से जोड़ें, ताकि अधिकाधिक युवा कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में आरकेएसडी मैनेजमेंट कमेटी की कार्यकारिणी और सदस्यों में अश्वनी शोरेवाला चेयरमैन, सतीश बंसल, अनिल शोरेवाला, संकेत मंगल, श्याम बंसल, महेश मंगल, पंकज बंसल, अशोक मंगल सुनील चौधरी, नवनीत गोयल, गगन मित्तल और मंच संचालक एस. पी. वर्मा ने सांसद नवीन जिन्दल को शाल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में ज्योति सैनी भाजपा जिलाध्यक्ष, कुलवंत बाजीगर पूर्व विधायक, मनमोहन गोयल पूर्व मेयर रोहतक, कैलाश भगत, राव सुरेन्द्र, डॉ. जगविन्द्र विर्क, कर्नल अरूण चंदेल, अभिषेक सहगल, अमित रांगटा, राजपाल तंवर, पंकज शोरेवाला, कमलदीप कौर, एडवोकेट मनोज दुआ, रोहन मित्तल, नसीब कक्हेडी, संदीप ढुल, जयभगवान शर्मा,
जसबीर सोलूमाजरा, सुरेन्द्र जैन, निधि मोहन, विधार्थी , अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

खबर शेयर करें: