छत्तीसगढ़

संदिग्ध हालात में युवक की मौत, नाली में मिली लाश

छत पर मिले कपड़े-चप्पल, सिर-चेहरे पर गहरी चोटें; रायगढ़ पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में गुरुवार को एक सनसनीखेज और रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गौशाला मार्ग स्थित महिला समृद्धि बाजार के पीछे बह रही नाली में 40 वर्षीय युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव बनियान और जांघिया में औंधे मुंह पड़ा था, जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार को कुछ युवक समृद्धि बाजार की छत पर चढ़ रहे थे, तभी उनकी नजर नीचे नाली में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर कोई हरकत नहीं दिखी, जिसके बाद तुरंत आसपास के लोगों और क्षेत्रीय पार्षद को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई और कोतवाली थाना पुलिस पहुंची।

पुलिस ने जवानों की मदद से शव को नाली से बाहर निकलवाया। प्राथमिक जांच में युवक की मौत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान सिर और चेहरे पर गहरे जख्म तथा खून बहने के संकेत मिले, जिससे मामला सामान्य दुर्घटना से कहीं अधिक संदिग्ध नजर आ रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

घटनास्थल के आसपास तलाशी लेने पर महिला समृद्धि बाजार की छत पर मृतक की शर्ट, पैंट और चप्पल बरामद हुईं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक पहले छत पर मौजूद था और किसी कारणवश नीचे नाली में गिर गया। हालांकि, यह गिरना हादसा था या किसी अन्य वजह से—इस पर पुलिस अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाल पाई है।

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गौशाला चौक स्थित मंगलम विवाह घर के मालिक के यहां ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को नशे की हालत में गिरने की आशंका है, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button