CG News: हाथी के हमले से युवक की मौत, धान के खेत में कीचड़ के बीच मिला शव, तीन दिन से था लापता
CG News: हाथी के हमले से युवक की मौत, धान के खेत में कीचड़ के बीच मिला शव, तीन दिन से था लापता
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथी के हमले से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव धान के खेत में कीचड़ के बीच मिला है। मृतक पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।भौगोलिक संदर्भ
लापता युवक की खेत में मिली लाश
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के चंदौरा अंतर्गत दरहोरा गांव की है। मृतक की पहचान दरहोरा निवासी प्रमोद राजवाड़े के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, प्रमोद पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान धान के खेत में कीचड़ के बीच उसका शव मिला।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
प्रथम दृष्टया युवक की मौत हाथी के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हाथी को लेकर वन विभाग अलर्ट
घटना के बाद इलाके में हाथी की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि, क्षेत्र में एक सिंगल हाथी लगातार उत्पात मचा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा DFO की ओर से हाथी के रेस्क्यू के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने दी जानकारी
मामले को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, क्षेत्र में एक सिंगल हाथी है, जिसने उत्पात मचाया है। उन्होंने बताया कि, हाथी की निगरानी और उसे नियंत्रित करने के लिए कॉलर आईडी लगाने पर सहमति बनी है। विभाग इस दिशा में तत्परता से काम करेगा। वन मंत्री के मुताबिक, हाथी को अलग रखकर उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि उसके मूवमेंट पर नजर रखी जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वन विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।