हाथी हमले में युवक की मौत: रात में जंगल के रास्ते जा रहा था सुरेश, सुबह मिली लाश

रायगढ़ September 10, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
हाथी हमले में युवक की मौत: रात में जंगल के रास्ते जा रहा था सुरेश, सुबह मिली लाश

हाथी हमले में युवक की मौत: रात में जंगल के रास्ते जा रहा था सुरेश, सुबह मिली लाश

रायगढ़। जिले के बाकारुमा रेंज में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना रात की बताई जा रही है। ग्रामीण जंगल के रास्ते से जा रहा था, तभी अचानक उसका सामना हाथी से हो गया। सुबह वन विभाग को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

तेजपुर जंगल के रास्ते में मिली लाश

जानकारी के मुताबिक, बाकारुमा रेंज के तेजपुर जंगल के रास्ते में गुरुवार सुबह एक युवक की लाश मिली। उसके शरीर पर हाथी के हमले के निशान थे। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे।

शुरुआती जांच में मृतक की पहचान पत्थलगांव क्षेत्र के रहने वाले सुरेश चौहान (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सारसमार से ढोड़ा गांव जा रहा था।

रात में हाथी से हुआ सामना

बताया जा रहा है कि सुरेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह रात में जंगल के रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान उसका सामना अचानक हाथी से हो गया। हाथी के हमले में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद वन विभाग ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

अकेला हाथी जंगल में घूम रहा

रेंजर विष्णु मरावी ने बताया कि सुबह सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। सुरेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिली है। रात में जंगल के रास्ते में उसका अचानक हाथी से सामना हुआ था।

उन्होंने बताया कि यह हाथी अकेला जंगल में घूम रहा है। विभाग की टीम उस पर लगातार नजर रख रही है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी भी कराई जा रही है।

खबर शेयर करें: