छत्तीसगढ़

CG News:  फार्महाउस योगाश्रम से “योगी बाबा” गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास एक फार्महाउस योगाश्रम में अवैध रूप से गांजा बेचने वाले “योगी बाबा” कांती अग्रवाल (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.993 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये है। इसके अतिरिक्त, फार्महाउस से कुछ आपत्तिजनक और अनैतिक सामान भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, और एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के दिशानिर्देशों पर, थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

24 जून, 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली कि योगी बाबा कांती अग्रवाल, जो प्रहलाद अग्रवाल के पुत्र हैं और प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास रहते हैं, अपने फार्महाउस पर अवैध गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलने के बाद, वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस बल के साथ योगी बाबा कांती अग्रवाल के फार्महाउस पर नियमानुसार छापा मारा गया।

मौके पर मौजूद संदेही योगी बाबा कांती अग्रवाल को अवैध गांजा रखने और बेचने की सूचना से अवगत कराया गया। गवाहों की उपस्थिति में उसकी सहमति से तलाशी ली गई, जिसमें बरामदे में रखे दीवान के अंदर से दो पैकेट मादक पदार्थ (अवैध गांजा) बरामद हुए।

 पूछताछ में आरोपी कांती अग्रवाल ने बताया कि वह डोंगरगढ़ का स्थायी निवासी है और विगत 20 वर्षों से गोवा में एक योगाश्रम चला रहा था, जहाँ वह विदेशी पर्यटकों को योगाभ्यास सिखाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने 100 से अधिक देशों की यात्रा की है और वह 10 से अधिक गैर-सरकारी संगठनों (NGO) का निदेशक है। आरोपी 20 साल बाद डोंगरगढ़ वापस आकर गोवा की शैली में प्रज्ञागिरी के पास योगाश्रम का निर्माण कर रहा था। यह योगाश्रम पिछले दो महीने से बन रहा था।

पुलिस के अनुसार, फार्महाउस की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पहले से ही नजर थी। आरोपी क्षेत्र के युवाओं और पर्यटकों को गांजा बेचकर उनके भविष्य को खराब कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के एनजीओ संस्थानों और उसकी विदेश यात्राओं की जांच कर रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।







जब्त किए गए गांजे के साथ, आरोपी कांती अग्रवाल को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

कार्यवाही में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक जितेंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक भूषण चंद्राकर, सहायक उपनिरीक्षक मुजीब रहमान कुरैशी, प्रधान आरक्षक राणा प्रसन्ना, आरक्षक चितेश गात्रे, अजय पटले, अशोक यादव, और योगेश साहू का विशेष योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपी: योगी कांती अग्रवाल पिता प्रहलाद अग्रवाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़।
जब्त सामग्री: गांजा कुल वजन 1.993 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 20,000 रुपये।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button