तंत्र-मंत्र, ट्रेडिंग और नौकरी का झांसा, महिला से 85 लाख की ठगी
पति की मौत के बाद भी ऐंठता रहा पैसे

दुर्ग-भिलाई. भिलाई की एक महिला से घरेलू समस्याएं दूर करने, जिन्न-प्रेत बाधा खत्म कराने, शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को दैवीय शक्तियों और पति के एक्सीडेंट का डर दिखाकर लगातार रकम वसूली। पति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद भी उसने पूजा-पाठ और निवेश के नाम पर पैसे ऐंठे। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने नस काटने की तस्वीर भेजकर मानसिक दबाव बनाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
भिलाई की रहने वाली संगीता कश्यप ने कोतवाली थाने भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, नवंबर 2023 में संगीता कश्यप एक पारिवारिक कार्यक्रम में रायपुर गई थी। वहां रिश्तेदारों और परिचितों के साथ उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया। इस पर पवन ने दावा किया कि उसकी पहुंच ऐसे लोगों तक है जो विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सारी समस्याएं दूर कर सकते हैं। महिला का आरोप है कि, इसके बाद आरोपी लगातार उसे फोन कर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाने लगा। वह कहता था कि जबलपुर में गुप्त पूजा कराई जा रही है। इसके लिए पैसे भेजने होंगे। आरोपी ने 43 दिन तक दीपक जलाने जैसी बातें भी कहीं और पूजा के नाम पर लगातार पैसे मांगता रहा।
जिन्न नाराज हो जाएंगे कहकर बनाता था दबाव
महिला ने पुलिस को बताया कि, जब भी वह पैसे देने में देरी करती थी, आरोपी उसे डराता था कि, जिन्न नाराज हो जाएंगे और परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। आरोप है कि उसने कई बार दैवीय शक्तियों का डर दिखाकर पैसे लिए। महिला ने अपने रिश्तेदार के जरिए 50 हजार रुपए भी एक क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करवाए।
पति के एक्सीडेंट की भविष्यवाणी कर मांगे डेढ़ लाख
शिकायत में महिला का कहना है कि, आरोपी ने उसे कहा था कि यदि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति का एक्सीडेंट हो सकता है। इसके लिए उसने 1.50 लाख रुपए लिए थे। बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत भी हो गई। आरोपी ने इसी डर का फायदा उठाकर उससे पैसे वसूले। पति के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपी लगातार पैसों की मांग करता रहा था।
ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर भी लिए लाखों
महिला के बेटे विक्रांत कश्यप को भी आरोपी ने अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर बड़ा मुनाफा मिलने का झांसा दिया। इसके बाद बेटे के बैंक खातों से भी किस्तों में पैसे भेजे गए।
आरोपी ने दावा किया था कि, वह कुछ लोगों के साथ मिलकर बड़ा निवेश कर रहा है। जिसमें करोड़ों रुपए का फायदा होगा और महिला को ब्याज समेत पूरी रकम लौटा दी जाएगी। लेकिन पैसा वापस नहीं मिला।
कभी जेल, कभी मां के ऑपरेशन का बताया बहाना
महिला के अनुसार, आरोपी अक्सर अपनी आर्थिक परेशानी बताकर पैसे मांगता था। कभी वह खुद को कोलकाता जेल में बंद बताता, तो कभी मां के ब्रेन हेमरेज और ऑपरेशन का हवाला देता था। एक बार उसने पिता की मौत का बहाना बनाकर भी पैसे लिए।
16 अगस्त को आरोपी ने महिला को फोन कर कहा कि, उसे उज्जैन के पास पुलिस ने पकड़ लिया है। अब मुंबई क्राइम ब्रांच ले जाया जा रहा है। उसने कहा कि, पुलिस छोड़ने के लिए 7 लाख रुपए मांग रही है। आरोपी ने उसे और उसके बेटे को फर्जी केस में फंसाने और गुंडे भेजने की धमकी भी दी। डर के कारण उसने किश्तों में 5 लाख रुपए और भेज दिए।
पैसे मांगने पर नस काटकर भेजी फोटो
जब महिला और उसके बेटे ने अपने पैसों का हिसाब मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2025 को उसने अपने हाथ की नस काटकर फोटो खींची और व्हाट्सएप पर भेज दी। इसके जरिए वह महिला पर मानसिक दबाव बनाता रहा। महिला का आरोप है कि, जब उसने निवेश की रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसा लौटाने के बजाय सरकारी नौकरी लगवाने का लालच दिया। उसने फर्जी नियुक्ति पत्र, जॉइनिंग लेटर और अधिकारियों से सिफारिश कराने जैसी बातें कहकर लाखों रुपए और ले लिए। आरोपी कभी कहता था कि नियुक्ति पत्र घर तक पहुंच गया था, कभी कहता था कि उसका दोस्त लेटर संभालकर रखा है। नौकरी के नाम पर महिला को भोपाल भी बुलाया गया, जहां उसने 4 लाख रुपए कैश दिए। फिलहाल, पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






