रायगढ़

Raigarh News: पत्नी को भगाने के शक में बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग रायपुर रेफर

रायगढ़, 1 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई में पत्नी के लापता होने के शक में एक बुजुर्ग पर टंगिया (लोहे की कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली है।





वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दूजराम चौहान (64 वर्ष), निवासी ग्राम महलोई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार से सूचना मिली कि भागीरथी किशान (60 वर्ष) सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भर्ती हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल के पुत्र विनोद किशान ने बताया कि आरोपी दूजराम चौहान को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार विवाद और गाली-गलौज कर रहा था।

बताया गया कि 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे भागीरथी किशान अपने घर के सामने खड़े थे। तभी आरोपी टंगिया लेकर पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने “जान से मार दूंगा” कहते हुए भागीरथी के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल भागीरथी किशान जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर तमनार थाना में अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई।

घायल भागीरथी किशान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।







इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, एएसआई गौतम सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक बनारसी लाल सिदार, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार एवं पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

एसएसपी ने कहा कि “किसी भी प्रकार का संदेह या व्यक्तिगत विवाद कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं देता। हिंसा और प्राणघातक हमला गंभीर अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।”

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button