Raigarh News: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ September 9, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Raigarh News: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

 

रायगढ़, 9 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने के मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई “अभियान संवेदना” के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने 7 सितंबर 2026 को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव (24) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए युवती से शादी करने और उसे पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया और इसके बाद उसे होटल ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो वह विवाद करने लगा और उसे भगा देता था। आरोप है कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर युवती से 45 हजार रुपये भी लिए थे। बाद में शादी से इंकार करने पर जब युवती ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

घटना की जानकारी युवती ने अपने माता-पिता और सहेली को दी। इसके बाद उसने थाना पुसौर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराया गया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस और उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं नाबालिगों से संबंधित शिकायतों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए “अभियान संवेदना” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

खबर शेयर करें: