जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट के सहयोग से युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाऐंगे: नवीन जिन्दल

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट के साथ एमओयू साइन
कुरुक्षेत्र, 25 नवम्बर। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास और आधुनिक रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज सांसद नवीन जिन्दल की उपस्थिति में जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट, कैथल के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया गया।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले जा रहे हैं। उन्नत स्किल ट्रेनिंग, मेंटरशिप और उद्योग आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और नवाचार की दुनिया से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है।
यह साझेदारी नवीन जिन्दल फाउंडेशन की पहल पर की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप उन्नत कौशल उपलब्ध कराना है।
एमओयू के तहत जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट कुरुक्षेत्र स्थित ‘कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर’ में उन्नत शिक्षण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा। यहां डिजिटल लिटरेसी, स्किल-बिल्डिंग मॉड्यूल, हाई-ग्रोथ सेक्टरों के लिए उन्नत प्रशिक्षण और संरचित मेंटरशिप कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. बलविंद्र ढुल ने कहा कि जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट का लक्ष्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी युवाओं को ऐसे कौशल देना है जो उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ा सके। यह एमओयू युवाओं के लिए नए द्वार खोलेगा और उन्हें बेहतर करियर, तकनीकी दक्षता व आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगा। हम इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट से डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि लक्ष्य है युवाओं को वैश्विक अवसरों के अनुरूप उच्च स्तरीय कौशल शिक्षा प्रदान करना, जिससे क्षेत्र भविष्य की उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप प्रतिभा का केंद्र बन सके।
उल्लेखनीय है कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन और जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट के इन संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र के युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और साथ ही क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर जेड-किंग एजुकेशनल ट्रस्ट से नरेश राविश, पंकज आत्रेय और अरमान ढुल मौजूद रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






