वीरेंद्र तोमर पुलिस पूछताछ में सुना रहा मनगढ़ंत कहानियां, संपत्ति का स्रोत नहीं बता पा रहा

छत्तीसगढ़ November 14, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
वीरेंद्र तोमर पुलिस पूछताछ में सुना रहा मनगढ़ंत कहानियां, संपत्ति का स्रोत नहीं बता पा रहा

वीरेंद्र तोमर पुलिस पूछताछ में सुना रहा मनगढ़ंत कहानियां, संपत्ति का स्रोत नहीं बता पा रहा

रायपुर: सूदखोरी और अवैध वसूली के मामलों में गिरफ्तार वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी पुलिस पूछताछ में लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने उसके घर से कोरे स्टांप पेपर और संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए थे, लेकिन वीरेंद्र अपनी संपत्ति का वैध स्रोत साबित नहीं कर पा रहा है। पूछताछ में उसने अब तक किसी भी प्रॉपर्टी को जबरन कब्जा करने की बात नहीं मानी।

पांच दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद वीरेंद्र को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक उसका छोटा भाई रोहित तोमर अब भी फरार है, लेकिन रोहित जल्द सरेंडर करने की योजना बना रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र तोमर पुलिस को भाई रोहित या अपनी संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दे रहा है। उसने दावा किया कि दोनों भाई पिछले छह महीनों से संपर्क में नहीं थे और उनकी संपत्ति मेहनत की कमाई से अर्जित है। पुलिस के सामने वह मनगढ़ंत कहानियां सुना रहा है।

पुलिस पूछताछ में वीरेंद्र ने बताया कि दोनों भाई टिकरपारा थाना क्षेत्र के पुजारी नगर में किराए के मकान में रहते थे। शुरूआत में उन्होंने अंडे का ठेला चलाया, फिर किराए का ऑटो और बाद में अपना ऑटो खरीदा। इसके बाद उन्होंने फल का कारोबार शुरू किया और कुछ रकम जमा करने के बाद इसे ब्याज पर दूसरों को देना शुरू किया, जो बाद में सूदखोरी में बदल गया।

सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में था और विभिन्न राजनीतिक दलों से संपर्क में था। उसने करणी सेना की आड़ में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर अपनी राजनीतिक छवि सुधारने की कोशिश की। हालांकि, पिछले चार-पाँच सालों में उसने सूदखोरी से दूरी बनाई थी, लेकिन यह काम उसके भाई रोहित और भतीजे दिव्यांश के जरिए जारी रहा।

खबर शेयर करें: