छत्तीसगढ़ में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का पहला दौरा, उदयाचल नेत्र अस्पताल का लोकार्पण 5 नवंबर को
छत्तीसगढ़ में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का पहला दौरा, उदयाचल नेत्र अस्पताल का लोकार्पण 5 नवंबर को
राजनांदगांव: राजनांदगांव में 5 नवंबर को ‘उदयाचल मल्टी स्पेशलिटी आई केयर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट’ का लोकार्पण किया जाएगा। देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन इस नए नेत्र चिकित्सालय का उद्घाटन करेंगे। यह संस्थान आंखों की संपूर्ण जांच और रेटिना उपचार धर्मार्थ दरों पर उपलब्ध कराएगा।
लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव और महापौर मधुसूदन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। यह राजनांदगांव के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह शहर में किसी उपराष्ट्रपति का पहला दौरा होगा।
‘उदयाचल’ संस्था के पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना के प्रयासों से उपराष्ट्रपति ने इस छोटे शहर के धर्मार्थ अस्पताल का उद्घाटन करने की स्वीकृति दी। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र बाफना ने कहा कि उपराष्ट्रपति की स्वीकृति मिलना छोटे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उदयाचल परिवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्टेट हाईस्कूल में आयोजित लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनें। सूचना प्रकाशन प्रभारी गौतम बाफना ने यह जानकारी साझा की।