वेदांता पावर प्लांट हादसा अपडेट : मौतों की संख्या हुई 14, प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख का मुआवजा किया घोषित
बॉयलर ब्लास्ट के बाद मातम और आक्रोश साथ-साथ—परिजनों का हंगामा, गंभीर घायलों को रायपुर शिफ्ट

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस हादसे में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक, अब तक 14 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत होने से मृतकों की संख्या 14 तक पहुंच गई, जबकि 26 से ज्यादा घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस दर्दनाक घटना के बाद वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपए और घायलों को 15 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में अचानक बॉयलर फट गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भयानक था कि कुछ ही पलों में पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा भी फूट पड़ा। प्लांट के बाहर जमा हुए लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों को दिखाने की मांग की और जोरदार नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के निःशुल्क और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
अब पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि इस हादसे के पीछे आखिर कौन सी लापरवाही छिपी है और क्या इस बार जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो पाएगी, या फिर यह हादसा भी सिर्फ आंकड़ों में सिमट कर रह जाएगा।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






