रायगढ़

खरसिया चौकी पुलिस की अनूठी पहल: सुरक्षित ड्राइविंग और नशा मुक्ति को लेकर अभिभावकों व विद्यार्थियों को किया जागरूक

 





रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा-सट्टा से मुक्त रायगढ़” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में खरसिया चौकी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

स्कूल खुलने के साथ बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों के दोपहिया वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर सड़क पर निकलने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को चौकी बुलाकर समझाइश दी जा रही है कि वे बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने बताया कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी बड़ा खतरा है।

इसी क्रम में विवेकानंद स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नए आपराधिक कानूनों की जानकारी, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा ट्रैफिक नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित भविष्य के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

खरसिया चौकी पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button