सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में बारहवां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर राजौंद में सम्पन्न

नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सौजन्य से राजौंद में आयोजित शिविर में 1507 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
राजौंद, 11 फरवरी। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का दूसरा चरण प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को कलायत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बारहवां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर गोल्ड लाइफ स्कूल, पुण्डरी रोड, राजौंद में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और 1507 लोगों ने विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण एवं उपचार, दंत परीक्षण एवं उपचार, स्त्री रोग जांच एवं परामर्श, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा एनीमिया जांच जैसी सेवाएं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण के पश्चात 615 जरूरतमंद मरीजों को चश्मे भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर 67 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है। उनके निःशुल्क ऑपरेशन की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का निरंतर प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में वंचित न रहे। इसी सोच के अनुरूप निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों, मोबाइल मेडिकल वैन तथा अन्य जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर राजौंद नगरपालिका चेयरपर्सन बबीता रानी, सतविंदर राणा, सुशील पांचाल, संदीप राणा, अनिल हरित, जितेंद्र सिंह कुलविंदर राणा और हल्का प्रभारी वीरेंद्र सहारण उपस्थित रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






