नई-नई गाड़ियों में दिखने लगा था शौक, पकड़े गए सड्डू के दो युवक – खुला चोरी का सनसनीखेज राज

रायपुर: राजधानी रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस को सक्रिय कर दिया है। हाल ही में सड्डू क्षेत्र के दो युवकों की करतूतें उजागर हुई हैं, जिन्होंने महंगी मोटर साइकिलों और एक्टिवा चोरी कर लोगों की नींद हराम कर रखी थी।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने एक विशेष टीम गठित की, जिसने चोरी की घटनाओं में संलिप्त अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों तक पहुँच बनाई।
सूचना मिली कि संदीप साहू, जो पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है, अचानक महंगी मोटर साइकिलों पर सवार नजर आने लगा है। पुलिस ने तुरंत उसकी पतासाजी की और उसे एक मोटर साइकिल के साथ पकड़ा। दस्तावेज मांगे जाने पर संदीप कोई वैध प्रमाण पेश नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर संदीप ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सत्यम दास मानिकपुरी के साथ मिलकर रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 04 दोपहिया वाहन (03 मोटर साइकिल और 1 एक्टिवा) चोरी किए हैं। आरोपी सत्यम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिलें और एक्टिवा, कुल मूल्य लगभग 3,00,000/- रुपये की जप्त की गई। इससे पहले भी ये दोनों आरोपी थाना धरसींवा से वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुके थे।
गिरफ्तार आरोपी:
-
संदीप साहू, पिता महंत राम साहू, उम्र 19 वर्ष, बी.एस.यू.पी. कालोनी, सेक्टर 03, ब्लॉक 34, रूम 07, सड्डू, थाना विधानसभा।
-
सत्यम दास मानिकपुरी, पिता प्रीतम दास मानिकपुरी, उम्र 18 वर्ष, ग्राम टेकारी, तालाब पार, थाना विधानसभा।
पुलिस का कहना है कि नियमित पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की मदद से ऐसे अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि चोरी और अपराधियों के मन में भय पैदा हो।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






