CG News: मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की मौत, साथी के साथ वाहन चालक फरार

गौरेला पेंड्रा मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा-गौरेला बायपास सड़क पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कैम्पर वाहन ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को भी टक्कर मार दी।
मृत महिलाओं की पहचान सुशीला वर्मा और बेला कली पंसारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों महिलाएं रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे कैम्पर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित कैम्पर सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराया।
बताया जा रहा है कि कैम्पर वाहन कोरबा से कटनी की ओर जा रहा था। हादसे के बाद वाहन चालक लल्लू और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए। वहीं वाहन में सवार परिचालक संदीप यादव उसमें फंस गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस, यातायात पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस फरार चालक की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और बायपास मार्ग पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






