Sarangarh: गांजा की तस्करी करते महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार, गांजा समेत 3.10 लाख का माल जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 अगस्त 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 210 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 3 लाख 10 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ओडिशा के बरगढ़ से गांजा लेकर ग्राम कंचनपुर होते हुए सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर सरिया पुलिस ने ग्राम कंचनपुर बैरियर मेन रोड पर घेराबंदी कर हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 8076 पर सवार एक पुरुष और एक महिला को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम देवाधी पात्र (46) निवासी सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा तथा महिला ने अपना नाम संतोषी पात्र (48) निवासी सारागांव, थाना सरिया, हाल निवास जांजगीर-चांपा बताया।
तलाशी के दौरान महिला के थैले से तीन पैकेट और मोटरसाइकिल की डिक्की से दो पैकेट बरामद हुए। पांचों पैकेटों में कुल 5 किलो 210 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया।
मामले में सरिया थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेंद्र कुमार, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्र.आर. विजय यादव, मोहन गुप्ता, भोजराम नट तथा आरक्षक श्रवण टंडन, लक्ष्मीनारायण पटेल और नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।