Sarangarh News: गांजा तस्करी करते महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, एक्टिवा, मोबाइल और नकदी भी जब्त

सारंगढ़। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक्टिवा क्रमांक CG 12 BV 7563 में एक युवक और एक महिला सरसीवां की ओर से कोरबा जा रहे हैं तथा उनके पास गांजा है। सूचना पर पुलिस ने सड़क पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और दोनों से पूछताछ की।
आरोपियों ने अपनी पहचान विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी ग्राम पहरिया, जिला जांजगीर-चांपा (वर्तमान निवास सीतामणी, कोरबा) तथा रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान एक्टिवा की सीट के नीचे से दो पैकेट तथा महिला के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में कुल 9.295 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में महिला ने गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि इसे ओडिशा के पदमपुर से खरीदकर लाई थी।
पुलिस ने मौके पर गांजा, एक्टिवा, दो मोबाइल फोन तथा नकदी जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, एसआई बलीराम निराला, एएसआई नवीन ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।