मंदिर से चांदी के दो मुकुट चोरी, CCTV से खुला राज
मोबाइल खरीदने की चाह में 18 वर्षीय युवक ने की चोरी, जांजगीर-चांपा पुलिस ने किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आस्था से जुड़ी चोरी की एक घटना सामने आई है। पोड़ीदहला गांव स्थित बुड़हीन दाई मंदिर से माता के श्रृंगार में उपयोग होने वाले चांदी के दो मुकुट चोरी हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला कोटमीसोनार सहायता केंद्र चौकी क्षेत्र का है। चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र क्षत्रिय के अनुसार, 1 और 2 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर माता के दो चांदी के मुकुट चोरी कर लिए। चोरी गए मुकुटों का कुल वजन करीब 10 तोला चांदी बताया जा रहा है। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। इसके बाद मंदिर समिति ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक युवक रात के समय मंदिर में घुसकर चोरी करता हुआ साफ नजर आया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पोड़ीदहला गांव निवासी राहुल कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में राहुल कुमार ने चोरी की बात कबूल करते हुए बताया कि उसे मोबाइल फोन खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसी कारण उसने मंदिर में चोरी की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों चांदी के मुकुट और वारदात में इस्तेमाल किया गया सबल (लोहे की रॉड) भी बरामद कर ली है। बरामद सामान को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मंदिर जैसे पवित्र स्थलों में चोरी की घटनाएं समाज की भावनाओं को आहत करती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस की तेज कार्रवाई की सराहना की और राहत की सांस ली है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






