Sarangarh News: गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक समेत 3 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
Sarangarh News: गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक समेत 3 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ टीम और थाना सलिहा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 3 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बिलाईगढ़ दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को एएनटीएफ टीम और थाना सलिहा पुलिस संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बसना से सलिहा की ओर आ रही हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GG 8327 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल चालक सुशील कुमार साव (28 वर्ष), पिता मनबोध साव, निवासी ग्राम कुदारीबाहरा कटेल, थाना बसना, जिला महासमुंद के कब्जे से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दूसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पूछताछ और सुशील कुमार साव की निशानदेही पर दूसरे आरोपी विजय साव (35 वर्ष), पिता घसिया साव, निवासी ग्राम कदारीबाहरा, थाना बसना, जिला महासमुंद को भी पकड़ा।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में 5.850 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 3.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।