Raigarh: थाईलैंड के पटाया में लहराया तिरंगा, रायगढ़ के इन होनहारों ने 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज से रचा इतिहास

रायगढ़ August 8, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: थाईलैंड के पटाया में लहराया तिरंगा, रायगढ़ के इन होनहारों ने 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज से रचा इतिहास

Raigarh: थाईलैंड के पटाया में लहराया तिरंगा, रायगढ़ के इन होनहारों ने 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज से रचा इतिहास

 

रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो के मंच पर रायगढ़ के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा परचम लहराया कि देशभर में जिले का नाम रोशन हो गया। थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रायगढ़ के ऋषि सिंह और अन्या सिंह ने स्वर्ण पदक, जबकि ऋषभ सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम कर शानदार उपलब्धि हासिल की। तीनों खिलाड़ियों की इस सफलता से रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है।
विदेशी धरती पर भारतीय तिरंगे को सम्मान दिलाने वाले इन खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय दिया। ऋषि सिंह और अन्या सिंह ने अपने-अपने वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया, वहीं ऋषभ सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

स्टेशन पर गूंजा भारत माता का जयघोष
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद तीनों खिलाड़ी 8 अगस्त को साउथ बिहार एक्सप्रेस से रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए पहले से ही तैयारियां की गई थीं। खिलाड़ियों के पहुंचते ही रेलवे स्टेशन का माहौल उत्सव में बदल गया। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और शहरवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया स फूल-मालाओं से खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भारत माता की जय के जयघोष से रेलवे स्टेशन परिसर गूंज उठा। लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छोटे शहर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक सफर
इन खिलाड़ियों की सफलता सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रायगढ़ के उन युवाओं के लिए भी बड़ी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि रायगढ़ के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले में ताइक्वांडो और अन्य खेलों को नई दिशा देगी। उनकी सफलता से युवा खिलाड़ियों में भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा रायगढ़वासियों के लिए यह उपलब्धि किसी उत्सव से कम नहीं है। 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ इन तीनों खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के आगे कोई भी मंजिल बड़ी नहीं होती।

खबर शेयर करें: