रायगढ़

Raigarh News: रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा; ब्रेकर पर ट्रैक्टर उछलने से गिरा 15 वर्षीय किशोर, मौके पर ही थमीं सांसें, आरोपी चालक ने रची थी कार एक्सीडेंट की झूठी कहानी, फुटेज देख उड़े होश, चालक फरार

रायगढ़।  कोतरा रोड थाना क्षेत्र से आज एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने न केवल एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया है। भगवानपुर मंदिर के पास एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर साहिल की जान चली गई, लेकिन इस हादसे के बाद जो कहानी बुनी गई, उसका सच जानकर आप भी दंग रह जाएंगे।





जानकारी के अनुसार, आज तड़के करीब 6 बजे साहिल ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहा था। तभी भगवानपुर के पास ब्रेकर पर ट्रैक्टर जोर से उछला और बगल में बैठा साहिल सीधे सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद घबराए ट्रैक्टर चालक राजा निषाद ने मृतक के पिता को फोन कर यह झूठ बोला कि एक अज्ञात कार साहिल को कुचलकर भाग निकली है। बदहवास पिता जब मौके पर पहुँचे तो उन्होंने बेटे को लहूलुहान हालत में ट्रैक्टर की ट्रॉली में पाया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।

मामला तब संदिग्ध हुआ जब दुर्घटना के बाद से आरोपी चालक राजा निषाद अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया। पुलिस ने जब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पूरी हकीकत सामने आ गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सुबह 6 बजकर 1 मिनट पर ट्रैक्टर ब्रेकर पर उछला, साहिल नीचे गिरा और फिर चालक ने उसे उठाकर ट्रॉली में डाला और आगे निकल गया। चालक का कार वाला दावा पूरी तरह फर्जी निकला, जो उसने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए गढ़ा था।

कोतरा रोड पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अब फरार चालक राजा निषाद की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button