छत्तीसगढ़
CG News: नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा; अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तरौद चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान मनीष मरावी, निवासी किरारी गांव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।