कुरुक्षेत्र में निकाली तिरंगा यात्रा, उमड़ा जनसैलाब, गूंजे ‘जय हिंद’ के नारे

कुरुक्षेत्र। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सांसद नवीन जिंदल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान कुरुक्षेत्र की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
नवीन जिंदल ने कहा कि आज कुरुक्षेत्र की धरती ने एक अद्भुत नजारा देखा। तिरंगा यात्रा में हर उम्र और हर वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोग एक स्वर में ‘जय हिंद’ के नारे लगाते नजर आए। पूरे माहौल में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना दिखाई दी।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि हर भारतीय के दिल में तिरंगे के प्रति कितना सम्मान और प्रेम है। तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
नवीन जिंदल ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों और कुरुक्षेत्र के प्रत्येक परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की जबरदस्त भागीदारी ने इस यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया।