CG News: फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से मांगी शराब और नकदी, पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपी

छत्तीसगढ़ July 28, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से मांगी शराब और नकदी, पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपी

CG News: फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से मांगी शराब और नकदी, पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपी

  अंबिकापुर. सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नकदी की मांग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर स्वयं को एसीबी अधिकारी बताते हुए कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं। उसने रेस्ट हाउस में व्यवस्था के नाम पर तत्काल छह बोतल शराब और नकद राशि उपलब्ध कराने की मांग की। बातचीत संदिग्ध लगने पर आबकारी अधिकारी ने न तो शराब उपलब्ध कराई और न ही कोई नकद राशि दी। इसके बजाय उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी।
 

शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और सौरभ प्रजापति (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों राजेशपुरी गोस्वामी (43) और रंजीत गुप्ता (40) के साथ मिलकर आबकारी विभाग से मुफ्त में शराब हासिल करने के उद्देश्य से फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर फोन करने की साजिश रचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

खबर शेयर करें: