“मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से आलोकित हुआ ट्विंकल स्टार स्कूल का प्रांगण”

रायगढ़ टॉप न्यूज 25 मार्च। आज ट्विंकल स्टार स्कूल के प्रांगण में पावन पर्व रामनवमी का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त था, जहाँ हर ओर भगवान श्रीराम के आदर्शों और संस्कारों की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा मधुर स्वर में प्रस्तुत भजन एवं मंगलाचरण ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान के आकर्षक वेश-भूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ और उनकी सजीव अभिनय शैली ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें रामायण से संबंधित नृत्य-नाटिका, भजन एवं समूह प्रस्तुतियों ने दर्शकों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा जैसे श्रीराम के आदर्शों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा रामनवमी के महत्व पर प्रभावशाली भाषण भी प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर जीवन में अनुशासन, आदर्श एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। विद्यालय की स्कूल डायरेक्टर आदरणीय श्रीमती विभा कुमार जी ने अपने संदेश में सभी विद्यार्थियों को रामनवमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हमें सत्य, धैर्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वहीं विद्यालय की प्राचार्या आदरणीया श्रीमती मेघा दबेड़कर जी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का महत्व समझाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। सम्पूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के मन में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान और श्रद्धा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। अंत में, सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन अत्यंत भव्य एवं स्मरणीय बन गया, जिसने विद्यालय के वातावरण को धार्मिकता, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






