गुप्त दबिश! रायपुर में ऑपरेशन निश्चय का सबसे बड़ा एक्शन, 172 आरोपी जेल… 15 किलो गांजा, हथियार और नशीली टैबलेट बरामद
गुप्त दबिश! रायपुर में ऑपरेशन निश्चय का सबसे बड़ा एक्शन, 172 आरोपी जेल… 15 किलो गांजा, हथियार और नशीली टैबलेट बरामद
रायपुर। नशे के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत रायपुर पुलिस ने शनिवार की तड़के 3 बजे शहरभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की 100 से अधिक टीमों ने बीएसयूपी कॉलोनियों, राजीव आवास और झुग्गी बस्तियों में अचानक दबिश देकर आपराधिक तत्वों को चारों ओर से घेर लिया। इस अभियान में कुल 172 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
नशा बेचने वाले रंगे हाथ पकड़े गए – 15 किलो गांजा + 440 नशीली टैबलेट बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने नशे की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 15 किलोग्राम गांजा और 440 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लंबे समय से कॉलोनियों में सक्रिय थे और तड़के छापे की भनक तक नहीं लगने दी गई।

अवैध शराब पर भी बड़ी कार्रवाई – 12 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान अवैध शराब बेचने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर 183 पौवा शराब जप्त किया गया।
हथियार लेकर घूमने वालों पर करवाई – 5 आरोपी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार
इसी कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार रखने वाले 5 आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से 5 चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
फरार वारंटियों की तलाश में दबिश – 37 वारंट तामिल
फरार चल रहे आरोपियों के संभावित ठिकानों पर बारीकी से दबिश दी गई, जिसमें पुलिस ने 37 स्थाई/ग़िरफ्तारी वारंट तामिल किए।
शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई – 111 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
इसके अलावा, शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 111 लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
आईजी और एसएसपी की निगरानी में चला मेगा ऑपरेशन
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन और पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई की गई। तड़के 3 बजे शहर की कॉलोनियों में अचानक छापे से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
रायपुर पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और शहर में नशे, अवैध शराब तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती और बढ़ाई जाएगी।