
रायगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय बैठक हरियाणा के पंचकूला में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से इंदौर के वरिष्ठ समाजसेवी श्री कुलभूषण मित्तल ‘कुकी’ को संगठन का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन के साथ ही पूरे सभागार में करतल ध्वनि से स्वागत गूंज उठा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय चेयरमैन श्री प्रदीप मित्तल एवं निवृत्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता की मौजूदगी में देशभर से आए सैकड़ों प्रतिनिधियों ने नए नेतृत्व के चयन का स्वागत किया।
जानकारी देते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल मित्तल ने बताया कि 5 अक्टूबर को आयोजित इस बैठक में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के भावी दिशा और विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि वे महाराजा अग्रसेन के “समता, समाजवाद और एक रुपया–एक ईंट” के आदर्श सिद्धांतों पर चलते हुए संगठन को और अधिक सफल एवं ख्यातिलब्ध बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल और डॉ. सुशील गुप्ता सहित सभी आमंत्रितों का आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, चेयरमैन अशोक मोदी, कार्यकारी द्वयाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल एवं सुनील रामदास, महामंत्री संजय अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बजरंग अग्रवाल बी.के., कमल मित्तल, नरेश अग्रवाल, प्रवीण जितपुरिया और गोलू मित्तल ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
संगठन के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि श्री कुलभूषण मित्तल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज की गतिविधियों में नई ऊर्जा, समन्वय और गति आएगी।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






