ओ.पी. जिंदल विद्यालय तराईमाल, रायगढ़ में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किया गया

रायगढ़ 21 जून 2026: “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर ओ.पी. जिंदल विद्यालय तराईमाल रायगढ़, नलवा स्टील एंड पॉवर लिमिटेड और नलवा स्पेशल स्टील लिमिटेड के सौजन्य से योग मैदान पर 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे हुआ।
मंच का संचालन विद्यालय के शिक्षक विश्वेश्वर शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने योगाभ्यास का परिचय देते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नलवा स्टील एंड पॉवर लिमिटेड और नलवा स्पेशल स्टील लिमिटेड के निदेशक डॉ. एस.एस. राठी, विद्यालय की प्राचार्या अलका गोडबोले, शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यार्थी, नलवा प्लांट के अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि डॉ. एस.एस. राठी ने योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए अपने उद्बोधन में कहा, “योग की कोई आयु-सीमा नहीं होती। अधिक आयु के लोग भी इसका नियमित अभ्यास कर सकते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए निरंतर योग करते रहना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। यदि 50 वर्ष की आयु के बाद भी योग नहीं किए तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।” उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया।
विद्यालय की प्राचार्या महोदया ने अपने उद्बोधन में कहा- “योग केवल शरीर को स्वस्थ बनाने का साधन नहीं, बल्कि स्वयं को पहचानने की प्रक्रिया है। यह तनाव दूर कर विद्यार्थियों में एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।”उनके प्रेरणादायी विचारों से सभी लाभान्वित हुए।
तत्पश्चात संगीत शिक्षक डॉ. विद्याशंकर त्रिवेदी के मार्गदर्शन में कक्षा आठवीं से नवमीं के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से प्रार्थना गीत “तेरी है जमीं तेरा आसमां” का गायन किया गया। इसके पश्चात कक्षा छठवीं से नवमीं के विद्यार्थियों ने योग गीत “आओ योग करें हम सभी” का गायन कर मनमोहक प्रस्तुति दी।
नृत्य शिक्षिका श्रीमती कोयल मजूमदार एवं योग प्रशिक्षिका सुश्री काजल घोष क्रीड़ा शिक्षक श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में कक्षा 3 से 12 के विद्यार्थियों द्वारा योग नृत्य का शानदार प्रदर्शन रहा, जिसमें संगीत की मधुर धुन पर सूर्य नमस्कार की मुद्राओं और विभिन्न योगासनों का कलात्मक प्रदर्शन किया गया।
इसके उपरांत विद्यालय की योग प्रशिक्षिका सुश्री काजल घोष और क्रीड़ा प्रशिक्षक श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में सभी ने सामूहिक योगाभ्यास किया, जिसमें योग से परिचय कराकर, ईश्वर प्रार्थना, विभिन्न शिथिलीकरण अभ्यास जैसे- ग्रीवा चालन, कटि संचालन, घुटना संचालन, तथा विभिन्न योगासन जैसे- ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, अर्धउष्ट्रासन, शशांकासन, वक्रासन, भुजंगासन, शलभासन, मकरासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम, शांभवी मुद्रा में ध्यान, संकल्प एवं शांति पाठ का अभ्यास कराया गया। अंत में नलवा प्लांट के मानव संसाधन प्रमुख श्री रमेश तिवारी ने मुख्य अतिथि, विद्यालय की प्राचार्या, नलवा प्लांट के अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, प्रशिक्षकों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। योग दिवस के समापन पर सामूहिक छायाचित्र लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






