Raigarh News: भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के पूरे सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार
Raigarh News: भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के पूरे सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 5 अगस्त 2026। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल सहित पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की वारदात भी कबूल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में की गई।
घर में घुसकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3-4 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से करीब 20 हजार रुपये कीमत की चांदी की एक जोड़ी पायल, एक हजार रुपये की बिछिया और लगभग 9 हजार रुपये का POCO मोबाइल चोरी कर ले गया। सुबह घर के बाहर पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बिखरा मिला। ग्रामीणों ने गांव के ही सनत कुमार उर्फ नानू साहू पर संदेह जताया।
गांव लौटते ही दबोचा
मामला दर्ज होते ही भूपदेवपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गांव छोड़कर छिप गया था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर गांव लौटते ही उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घर में घुसकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

चोरी का पूरा सामान बरामद
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल सहित लगभग 30 हजार रुपये का पूरा चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया।
बुलेट चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 4-5 जुलाई 2026 की रात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से बुलेट क्लासिक-350 (CG 13 BL 4096) चोरी की थी। उसने मोटरसाइकिल को मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाढकेल, थाना भूपदेवपुर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की, आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी एवं संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।